धनबाद
टुंडी की मेधावी छात्राओं को IIT-ISM में मिला सम्मान, बांटे गए मोबाइल और स्कॉलरशिप
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुंडी : शिक्षा और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए प्रकाश फाउंडेशन की ओर से IIT-ISM धनबाद के गोल्डन जुबली हॉल में 15वें 'अवेयरनेस एंड अवार्डिंग स्कॉलरशिप प्रोग्राम' का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण समारोह में टुंडी क्षेत्र की कई मेधावी छात्राओं को उनकी प्रतिभा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्राओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए मोबाइल फोन, उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) और देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान 'फिजिक्स वाला' (PW) के ऑनलाइन कोर्सेज के सब्सक्रिप्शन प्रदान किए गए। इस पूरे अभियान और कार्यक्रम को सफल बनाने में टुंडी के सामाजिक संगठन 'तरुण संघ' ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संघ के सदस्यों ने सिर्फ सुदूर क्षेत्रों से योग्य छात्राओं का चयन किया, बल्कि उनका उचित मार्गदर्शन कर कार्यक्रम में उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित की। समारोह में उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने तरुण संघ द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे इस जमीनी प्रयास की खुलकर सराहना की। टुंडी क्षेत्र से लाभान्वित होने वाली छात्राओं में मुख्य रूप से नीलम, वर्षा, साक्षी, सृष्टि, रश्मि, रितिका, श्वेता, नूतन, हबीबा, रूबी, पूनम, नंदनी और सुप्रिया शामिल हैं। इन सभी छात्राओं ने इस मदद के लिए तरुण संघ और प्रकाश फाउंडेशन का दिल से आभार जताया। तरुण संघ के अध्यक्ष नव कुमार श्रीजेश ने सभी सफल और सम्मानित छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि संघ आगे भी ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह संकल्पित रहेगा।