खेल

FIH महिला नेशन्स कप के लिए भारतीय टीम में झारखंड की तीन हॉकी खिलाड़ियों का चयन

झारखंड की सलीमा टेटे को टीम की कमान

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
FIH महिला नेशन्स कप के लिए भारतीय टीम में झारखंड की तीन हॉकी खिलाड़ियों का चयन - header image
FIH महिला नेशन्स कप के लिए भारतीय टीम में झारखंड की तीन हॉकी खिलाड़ियों का चयन
रांचीः न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले FIH हॉकी महिला नेशन्स कप 2025-26 के लिए हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है. भारतीय टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग को शामिल किया गया है. खास बात यह है कि झारखंड की बेटी सलीमा टेटे को टीम की कमान सौंपी गई है.

सिमडेगा की रहने वाली सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं. पिछले कुछ वर्षों में अपने शानदार प्रदर्शन से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है. उनके साथ खूंटी की अनुभवी डिफेंडर निक्की प्रधान और सिमडेगा की उभरती मिडफील्डर दीपिका सोरेंग भी टीम में जगह बनाने में सफल रही हैं. तीनों खिलाड़ी हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी भारतीय टीम का हिस्सा थीं. उल्लेखनीय है कि तीनों खिलाड़ी वर्तमान में रांची रेल मंडल में कार्यरत हैं.

हॉकी इंडिया द्वारा घोषित टीम में गोलकीपर के रूप में सविता और बिचु देवी खारीबाम को शामिल किया गया है. डिफेंडर वर्ग में सुशीला चानू पुखरमबम, ईशिका चौधरी, लालथान्तलुआंगी, शिल्पी डाबास, ज्योति और निक्की प्रधान को जगह मिली है. मिडफील्ड में सलीमा टेटे, नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम और लालरेमसियामी शामिल हैं. वहीं फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसाल, ईशिका और अन्नू को चुना गया है.

इस टूर्नामेंट में भारत को पूल-ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है. वहीं पूल-बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस की टीमें शामिल हैं. भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 15 जून को अमेरिका के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद 16 जून को जापान और 18 जून को उरुग्वे से मुकाबला होगा. प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 20 जून और फाइनल 21 जून को खेले जाएंगे.

झारखंड की तीन खिलाड़ियों के चयन पर राज्य में खुशी का माहौल है. हॉकी झारखंड के सचिव विजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं. सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी मिलना और निक्की प्रधान तथा दीपिका सोरेंग का चयन राज्य की हॉकी परंपरा की मजबूती को दर्शाता है. हमें पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी नेशन्स कप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगी.

विजय शंकर सिंह ने कहा कि झारखंड में हॉकी की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में जापान में चल रहे अंडर-18 एशिया कप में भी झारखंड के आठ खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जबकि जूनियर भारतीय टीम के राष्ट्रीय शिविर में भी राज्य के कई खिलाड़ी शामिल हैं. यह झारखंड में हॉकी के मजबूत आधार और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है.

झारखंड लंबे समय से भारतीय हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देता रहा है. एक बार फिर राज्य की तीन बेटियों का भारतीय महिला टीम में चयन इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की धरती हॉकी की नई प्रतिभाओं को लगातार देश के सामने ला रही है. अब राज्यवासियों की नजरें नेशन्स कप पर टिकी हैं. जहां सलीमा टेटे की अगुआई में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी.