रांची CITY

भाजपा के पास न नैतिकता बची है, न छात्रों के प्रति संवेदना, सिर्फ राजनीति करने का एजेंडा : आलोक कुमार दूबे

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
भाजपा के पास न नैतिकता बची है, न छात्रों के प्रति संवेदना, सिर्फ राजनीति करने का एजेंडा : आलोक कुमार दूबे - header image
भाजपा के पास न नैतिकता बची है, न छात्रों के प्रति संवेदना, सिर्फ राजनीति करने का एजेंडा : आलोक कुमार दूबे
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा के बयान को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफा मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। जिनके शासनकाल में नीट, यूजीसी-नेट सहित कई राष्ट्रीय परीक्षाओं पर सवाल उठे और लाखों युवाओं का भविष्य संकट में पड़ा, वे आज झारखंड के छात्रों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि महागठबंधन सरकार छात्रों की हर चिंता को गंभीरता से ले रही है। जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से कार्रवाई कर रही हैं, कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्पष्ट निर्देश है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर कानून का सबसे कठोर प्रहार हो।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य छात्रों को न्याय दिलाना नहीं, बल्कि झारखंड में अस्थिरता पैदा करना है। यदि भाजपा वास्तव में छात्रों के साथ है, तो उसे केंद्र सरकार से राष्ट्रीय स्तर पर हुई परीक्षा अनियमितताओं पर जवाब मांगना चाहिए।

दूबे ने कहा कि भाजपा विधानसभा सत्र पर अनावश्यक बयानबाजी कर रही है, जबकि सरकार सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह जनता के हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है। सरकार कानून-व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं और अन्य सभी मामलों पर पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है।

अंत में आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस्तीफा देने वाले नहीं, बल्कि दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने वाले मुख्यमंत्री हैं। भाजपा जनता को गुमराह करने के बजाय अपने 20 वर्षों के झारखंड शासन और केंद्र सरकार की विफलताओं का जवाब दे।