उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल

ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने की सख्ती , फैंसी नंबर प्लेट पर कार्रवाई,

अब पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट जरूरी : ट्रैफिक डीएसपी

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने  की  सख्ती , फैंसी नंबर प्लेट पर कार्रवाई, - header image
ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने की सख्ती , फैंसी नंबर प्लेट पर कार्रवाई,
धनबाद। जिले में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। फैंसी नंबर प्लेट के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वहीं अब बाइक पर पीछे बैठने वाले सवार के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

इसी कड़ी में गुरुवार को रणधीर बर्मा चौक पर विशेष अभियान चलाया गया जिसमें ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहन के चालान काटे गए। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों के अनुसार वाहनों पर फैंसी, स्टाइलिश या जातिसूचक नंबर प्लेट लगाना कानूनन अपराध है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत केवल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) ही वैध है, जिस पर किसी प्रकार का स्टिकर, डिजाइन या कलाकारी की अनुमति नहीं है।

उन्होंने कहा अभियान के दौरान एक कार से फैंसी नंबर प्लेट हटवाकर नियमों के अनुसार वैध नंबर प्लेट लगवाई गई। डीएसपी ने यह भी बताया कि जिले में हेलमेट पहनने को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है और लगभग 99 प्रतिशत बाइक चालक हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं। इसके बावजूद जो लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि अक्सर दुर्घटनाओं में पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के होने के कारण ज्यादा गंभीर रूप से घायल हो जाता है, इसलिए दोनों सवारों का हेलमेट पहनना जरूरी है।

ट्रैफिक डीएसपी ने कहा इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी अभियान चला रही है। ड्रंक एंड ड्राइव के तहत नियमित जांच की जा रही है और शराब के अड्डों के आसपास भी निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, फैंसी नंबर प्लेट का इस्तेमाल न करें और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।