राज्य

पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण

पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में आयोजित

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण - header image
पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण - header image
पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण - header image
पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण - header image
पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का मुख्यमंत्री ने किया अनावरण
रामगढ़। पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पूरे परिवार के साथ शामिल हुए। इस मौके पर गांव के सोना सोबरेन मेमोरियल हाई स्कूल के समीप बने गए दिशोम गुरु के आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अनावरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां रूपी सोरेन को पर्दा हटाने का निवेदन किया। पूरे परिवार के साथ मुख्यमंत्री ने अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने पूरे परिवार के साथ पहले प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, इसके बाद पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, संजय प्रसाद यादव, राज्यसभा सांसद डॉ महुआ मांझी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विधायक ममता देवी, उमाकांत रजक, जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, अमित महतो, पूर्व मंत्री बेबी देवी आदि मौजूद थे।

💫 संघर्षों से ही खत्म होगा शोषण, आदिवासियों की एकता ही उनकी ताकत : मुख्यमंत्री
जंगलों में रहने वाले आदिवासियों की एकता ही उनकी ताकत है। शोषण के खिलाफ संघर्ष और आंदोलन ही एक मात्र रास्ता है। यह रास्ता दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने हमें दिखाया था। आज भी उनके संदेश हमें मार्गदर्शन देते रहते हैं। यह बातें मंगलवार को नेमरा गांव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे और पूरे परिवार के लिए बेहद गम से भरा है। यह सिर्फ मेरे लिए ही नहीं बल्कि देश और राज्य के उन सभी दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के लिए पीड़ादायक दिन है। उनकी पहली पुण्यतिथि पर नेमरा गांव से सटे लुकैयाटांड़ में सोना सोबरन हाई स्कूल परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा अनावरण किया गया है। स्कूल परिसर में प्रतिमा का उद्देश्य यह है कि हमारे साथ-साथ हमारे आने वाली पीढ़ी भी हमारे संघर्षों और शहादतों को याद रखें। हमारे इतिहास उनके दिलों में जिंदा रहे, ताकि उनका भविष्य संवरे और आने वाली चुनौतियों को वह सुलझा सकें।

★ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर अपने दादा सोबरन मांझी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर अपने पिता की प्रतिमा उन्होंने स्थापित की है, उसी लुकैयाटांड़ के जंगल में उनके दादा का भी समाधि स्थल है। असामाजिक तत्वों ने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी थी। शोषण करने वालों ने उस समय जो कांड किया था, आज भी वैसी घटनाएं सुनने को मिलती हैं। इससे स्पष्ट है कि शोषण करने वालों के चेहरे बदल गए हैं, लेकिन फितरत वही है।

★ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नया दौर नई पीढ़ी का है। यह नई पीढ़ी पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन इसमें अच्छाई और बुराई दोनों शामिल हैं। नई पीढ़ी को सही रास्ता दिखाना होगा, ताकि उनका भविष्य उज्जवल हो सके। गुरुजी के आदर्श आज पूरे राज्य को संदेश दे रहे हैं। आज के दिन उन्हें पूरे राज्य में याद किया जा रहा है।

★ हेमंत सोरेन ने कहा कि आज हमें मौका मिला है कि शिबू सोरेन ने जिस राज्य की स्थापना की थी उसे सजाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है और उनका प्रयास है कि उनकी जिम्मेदार सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाए और जनता की आवाज बेहद आसानी से सरकार तक पहुंचे इसकी व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

★ इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड का हर कोना वीरों से भरा पड़ा है। उनके पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई लड़ी। अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्हीं वीरों के वंशज आज इस धरती पर मौजूद हैं। हमें अपनों से नहीं बल्कि दुश्मनों से लड़ना है। हमें अलग करने और एकता को तोड़ने के लिए कई ताकतें लगी हैं। लेकिन उन्हें सफल नहीं होने देना है।