राज्य

इंडिया ब्लॉक की बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन शामिल हुए.

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
इंडिया ब्लॉक की बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन शामिल हुए. - header image
इंडिया ब्लॉक की बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन शामिल हुए.
रांची: दिल्ली में आज हुई इंडिया ब्लॉक की बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन शामिल हुए. इस बैठक में कुल 25 राजनीतिक दलों के नेताओं ने भाग लिया. झारखंड में राज्यसभा चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन होने की वजह से राजनीतिक व्यस्तता की वजह से झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन बैठक में ऑनलाइन जुड़े और अपनी बात रखी.

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य सभा की दो सीटों के लिए आज महागठबंधन के दोनों प्रत्याशियों बैद्यनाथ राम और प्रणव झा का नामांकन होना था. इसलिए यहां मुख्यमंत्री और महागठबंधन के नेता हेमंत सोरेन की उपस्थिति जरूरी थी. इसलिए हेमंत सोरेन इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में ऑनलाइन जुड़े और सहयोगी दलों की ओर से पारित पांच प्रस्तावों का समर्थन किया.

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो न सिर्फ इंडिया ब्लॉक का एक अहम किरदार है बल्कि वह संविधान की रक्षा, साम्प्रदायिक सद्भाव और जनसमस्याओं के खिलाफ इस बड़ी लड़ाई का मुख्य योद्धा भी है.

दिल्ली में इंडिया ब्लॉक में शामिल दलों की बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक की इस बैठक में कुल 25 दलों के नेताओं ने भाग लिया. वहीं शिवसेना के उद्धव ठाकरे और झामुमो के हेमंत सोरेन ऑनलाइन इस मीटिंग में जुड़े.

पांच राज्यों में हुए चुनाव के बाद इंडिया ब्लॉक की दिल्ली में होने वाली इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा था. बंगाल चुनाव में सत्ता गंवाने और टीएमसी के अंदर टूट के बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी भी आज की बैठक में शामिल हुईं.

इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
इस बैठक में पांच प्रस्तावों पर मुहर लगी है, जिसमें एसआईआर, चुनाव की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों को लेकर सीजेआई को पत्र लिखने, नीट एवं अन्य परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, देश की खस्ताहाल आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्या और जनसरोकार के मुद्दे ओर केंद्र सरकार से तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग, हर दो महीने पर इंडिया ब्लॉक के दलों की बैठक (अगली बैठक 08 अगस्त को हैदराबाद में) करने और मानसून सत्र के दौरान इंडिया ब्लॉक के दलों के बीच संसदीय समन्वय के लिए नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय में सत्र के दौरान आपस में बैठक करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी है.