कोल्हान प्रमंडल

विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूर्ण करें कार्य

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूर्ण करें कार्य  - header image
विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूर्ण करें कार्य
पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अभियंताओं और कार्य एजेंसियों को लंबित परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला विकास, जिला योजना एवं ग्रामीण विकास शाखा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में पुल-पुलिया, पीसीसी सड़क, पहुंच पथ, पेयजल एवं जलापूर्ति योजनाओं, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण तथा कल्वर्ट निर्माण सहित आधारभूत संरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि के बाद भी अधूरी पड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्याएं आ रही हैं तो उसका तत्काल प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि संवेदकों की लापरवाही सामने आने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नीति आयोग फंड तथा डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों, लाइब्रेरी सह रिसोर्स सेंटर, साल पत्ता प्लेट एवं कप निर्माण इकाइयों तथा विद्यालयों में रसोईघर निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा डीएमएफटी से स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अंचल कार्यालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

सांसद एवं विधायक निधि से संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित निविदा प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर कार्य प्रारंभ कराने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से कार्य करना होगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।