संथाल परगना
विश्व रेबीज दिवस पर जिला पशुपालन कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आज, मुफ्त दवा व उपचार की मिलेगी सुविधा
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

साहिबगंज: विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला पशुपालन कार्यालय, साहिबगंज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “रेबीज़ मुक्त भारत के लिए एकजुट होकर हम और भी मजबूत बनेंगे” रखी गई है। जहां इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को रेबीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम, बचाव एवं समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना है। उधर जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार झा एवं पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सेबा पालित ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को रेबीज से बचाव के उपायों, पशुओं की सुरक्षा तथा बीमारी के प्रति आवश्यक सतर्कता की जानकारी दी जाएगी। साथ ही साथ रेबीज की रोकथाम और इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
आगे उन्होंने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान लोगों को निःशुल्क दवा एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही साथ पशु पालकों एवं आम लोगों को रेबीज से बचाव, पशुओं के प्रति जिम्मेदारी तथा किसी संदिग्ध स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी। वही कार्यक्रम के माध्यम से “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” का संदेश देते हुए लोगों से रेबीज की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की जाएगी। वही अधिकारियों ने कहा कि लोगों में जागरूकता और समय पर आवश्यक कदम उठाकर रेबीज के संक्रमण को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।