रांची CITY
वाईबीएन विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना अभियंता दिवस
वर्किंग मॉडल व पोस्टर प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•




रांची। वाईबीएन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी एवं एडवांस्ड कंप्यूटिंग के तत्वावधान में अभियंता दिवस समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित वर्किंग मॉडल एवं पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से अपनी तकनीकी प्रतिभा और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं पोस्टर ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक रूप देने की दिशा में अपने प्रयासों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विश्वविद्यालय के चांसलर श्री रामजी यादव, कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार, सीएमडी ग्रुप ऑफ वाईबीएन डॉ. अंकिता यादव एवं डीन इंचार्ज, स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने अभियंताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ नवाचार, अनुसंधान और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं ज्ञानवर्धक स्किट की प्रस्तुति दी। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक एवं शैक्षणिक संदेश भी दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में केक काटकर अभियंता दिवस का उत्सव मनाया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।