धनबाद

झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न - header image
झारखण्ड ग्रामीण विकास ट्रस्ट द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण पर एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न
महुदा :झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त सहयोग से बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आज झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रधान कार्यालय ममता कुंज, महुदा , धनबाद में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में संस्था के क्षेत्र में कार्यरत सभी फील्ड कोऑर्डिनेटर, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम, बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करना तथा धनबाद जिले को बाल विवाह, बाल तस्करी एवं बाल मजदूरी से मुक्त बनाने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार करना था।

इस अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के संस्थापक निदेशक शंकर रवानी ने कहा कि संस्था पिछले तीन वर्षों से जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत धनबाद जिले में सघन रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान को और अधिक गति देते हुए जिले के 400 गांवों में बाल संरक्षण एवं बाल विवाह की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ग्राम बाल संरक्षण एवं कल्याण समितियों (VLCPC) को सशक्त बनाया जाएगा तथा पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम स्तर के जनप्रतिनिधियों, प्रखंड प्रशासन एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। संस्था का संकल्प है कि धनबाद को बाल विवाह मुक्त एवं बाल-मित्र जिला बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।

उन्होंने आगे कहा कि बाल विवाह के साथ-साथ बाल मजदूरी एवं बाल तस्करी की रोकथाम पर भी व्यापक स्तर पर कार्ययोजना तैयार की गई है। संस्था द्वारा समुदाय, पंचायत एवं प्रशासन के सहयोग से जागरूकता, रोकथाम, बचाव एवं पुनर्वास के माध्यम से धनबाद जिले को बाल तस्करी एवं बाल मजदूरी मुक्त जिला बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

कार्यशाला में फील्ड में कार्यरत कार्यकर्ताओं को बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई तथा गांव-गांव तक अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाने, जोखिम वाले बच्चों की पहचान करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।

कार्यशाला में झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की सचिव हलीमा एजाज, कोषाध्यक्ष विनोद महतो, जिला समन्वयक सीता कुमारी, नितेश वर्मा,अभिशेख भारती,नैमुद्दीन अंसारी, प्रियंका बीबी, दीपा कुमारी, पूजा कुमारी, गुलनाज बानो,कुमारी आशा महतो इमानुल हक सहित संस्था के दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह, बाल मजदूरी एवं बाल तस्करी के खिलाफ सामूहिक रूप से कार्य करने तथा धनबाद को बाल-मित्र एवं बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प लिया।