धनबाद

आर.एस.पी. कॉलेज, झरिया में नशामुक्ति पर कार्यशाला आयोजित

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
आर.एस.पी. कॉलेज, झरिया में नशामुक्ति पर कार्यशाला आयोजित - header image
आर.एस.पी. कॉलेज, झरिया में नशामुक्ति पर कार्यशाला आयोजित
झरिया/धनबाद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जगजीवन नगर, धनबाद की ओर से आर.एस.पी. कॉलेज, झरिया में नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़ की मेडिकल विंग के सहयोग से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में बी.के. अनिता (अन्नू दीदी) के नेतृत्व में बी.के. अंजली, बी.के. अशोक कुमार पाल एवं बी.के. अशोक सिन्हा ने नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, कार्यक्षमता और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक सोच, आत्मानुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

प्राचार्य डॉ. निलेश कुमार सिंह ने ब्रह्माकुमारीज़ से आए अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

कार्यशाला में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थी सहित लगभग 200 लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन और स्वस्थ समाज के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।