संथाल परगना
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•


साहिबगंज: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत दिनांक 8 एवं 9 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जहां इसी क्रम में 3 बरहेट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विजय कुमार के द्वारा बरहेट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जहां निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या 171, 172, 184, 185, 186, 187, 190 एवं 192 का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जहां उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन कराने के लिए प्रेरित किया। आगे उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक नियमानुसार प्रपत्र 6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं।
साथ ही साथ मतदाता सूची में नाम, पता, मोबाइल नंबर अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर प्रपत्र 8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है। जहां उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से विशेष शिविर का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का सुधार कराने की अपील की।
वही निरीक्षण के दौरान बरहेट प्रखंड विकास पदाधिकारी अंशु कुमार पाण्डेय सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।