धनबाद

ईसीएल कर्मियों की समस्याओं एवं 9 सूत्री मांगों पर आयोग के समक्ष हुई सुनवाई

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
ईसीएल कर्मियों की समस्याओं एवं 9 सूत्री मांगों पर आयोग के समक्ष हुई सुनवाई - header image
ईसीएल कर्मियों की समस्याओं एवं 9 सूत्री मांगों पर आयोग के समक्ष हुई सुनवाई
एग्यारकुंड। बोकारो परिसदन में बुधवार को अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की उपस्थिति में ईसीएल कर्मियों की विभिन्न समस्याओं एवं 9 सूत्री मांगों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं सुनवाई आयोजित की गई।बैठक में ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा तथा काउंसिल के महासचिव प्रभुनाथ पासवान शामिल हुए। महासचिव प्रभुनाथ पासवान द्वारा पूर्व में ईसीएल कर्मियों की समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन आयोग को सौंपा गया था, जिसके आधार पर बोकारो परिसदन में सुनवाई संपन्न हुई। बैठक में प्रस्तुत 9 सूत्री मांगों में से कई मांगों को ईसीएल की एजेंडा बैठक में पहले ही स्वीकार कर लिया गया था,जबकि शेष मांगों पर प्रबंधन द्वारा सकारात्मक आश्वासन देते हुए जल्द ही सभी क्षेत्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही गई। बैठक में समय पर पदोन्नति,एसएलपी का समय पर भुगतान, बैकलॉग पदों की पूर्ति, प्रत्येक तीन माह में नियमित समीक्षा बैठक,समयबद्ध नियोजन तथा खदानों में बिना समुचित मेंटेनेंस के खराब वाहनों को कार्य में लगाने की समस्या जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा खनन क्षेत्रों से जुड़े ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को भी आयोग के समक्ष रखा गया।इस अवसर पर जातुर पासवान,ताड़ा माझी,जयपाल मुंडा तथा एग्यारकुंड दक्षिण पंचायत के मुखिया अजय कुमार राम सहित विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित थे।बैठक में उठाए गए मुद्दों पर आयोग एवं ईसीएल प्रबंधन द्वारा गंभीरता से विचार किया गया तथा कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया।