गोला/मूरी

हर घर तिरंगा अभियान एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर आयोजित कलश वंदन अभियान को लेकर भाजपा की विधानसभा स्तरीय बैठक संपन्न

हर घर तिरंगा अभियान और संत रविदास जी की संदेश को जन जन तक पहुंचायें - विनय महतो

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
सिल्ली: भारतीय जनता पार्टी की ओर से हर घर तिरंगा अभियान एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कलश वंदन अभियान को लेकर विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अम्बुज रजक ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा रांची जिला पूर्वी के जिलाध्यक्ष विनय कुमार महतो धीरज उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पतराहातू मंडल अध्यक्ष भगीरथ महतो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सोनाहातू मंडल अध्यक्ष खगेश महतो ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विनय कुमार महतो धीरज ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश को मंडल क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में ले जाकर श्रद्धापूर्वक पूजन एवं वंदन किया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से लोगों को राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कलश वंदन अभियान की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार की गई।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला महामंत्री रेखा देवी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।मौके पर रामपुर मंडल अध्यक्ष अमित बेदिया, जोन्हा मंडल अध्यक्ष बसंत सुंडी, राहे मंडल अध्यक्ष मेघनाथ महतो, बारेंदा मंडल अध्यक्ष सुभाष महतो, परिक्षित मंडल,पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलेश्वर कोईरी, भाजपा नेता ज्योति प्रसाद कोईरी,पूर्व मंडल अध्यक्ष पदलोचन महतो,शायन त्रिपाठी, भेंगराज प्रसाद, हरिहर महतो,ज्ञान रंजन महतो, रविंद्र साहू, राजीव रंजन, राधानाथ महतो, रमेश महतो, स्नेहलता देवी, अमिता कुमारी, सजल सोनी, श्याम सुंदर महतो, समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.