धनबाद

संयुक्त अभियान में सीआईएस एफ की बड़ी कार्रवाई, 218.900 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त

दो मोटरसाइकिलें भी बरामद, कोयला तस्करों में मचा हड़कंप; चापापुर ओसीपी व आसपास के इलाकों में चला सघन अभियान

झारखंड उत्कर्ष संवाददाता
संयुक्त अभियान में सीआईएस एफ की बड़ी कार्रवाई, 218.900 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त - header image
संयुक्त अभियान में सीआईएस एफ की बड़ी कार्रवाई, 218.900 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त
एग्यारकुंड। अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सीआईएसएफ को बड़ी सफलता मिली है। ईसीएल मुगमा क्षेत्र के चापापुर ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (ओसीपी) एवं आसपास के संवेदनशील इलाकों में गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान टीम ने 218.900 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया।इसके अलावा अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त दो पुरानी मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। जब्त कोयले की अनुमानित कीमत करीब 13.20 लाख रुपये बताई गई है।कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय कोयला तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार यह विशेष अभियान सीआईएसएफ के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र (NEZ-II) मुख्यालय, कोलकाता के पर्यवेक्षण एवं निर्देशन में चलाया गया।अभियान का मुख्य उद्देश्य एमएमडीआर अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ‘जीरो कोल लीकेज प्लान’ के तहत अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना था।सीआईएसएफ ईसीएल शीतलपुर के कमांडेंट राहुल सिंह गौतम के समग्र निर्देशन में अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट खरडे मनोज भानुदास ने किया। वहीं फील्ड ऑपरेशन का समन्वय इंस्पेक्टर पी.एस. महापात्रा एवं इंस्पेक्टर एस.के. सिंह ने किया। अभियान में सीआईएसएफ ईसीएल शीतलपुर के मुगमा एवं मोहनपुर कैंप की क्यूआरटी, सीआईएसएफ आरटीपीएस पुरुलिया, सीआईएसएफ एमटीपीएस मेजिया, एनईजेड-II मुख्यालय कोलकाता की ऑपरेशनल एवं क्राइम इंटेलिजेंस विंग (CIW) तथा ईसीएल सुरक्षा विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीमों ने चापापुर ओसीपी एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक तलाशी, क्षेत्र प्रभुत्व एवं सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से निकाला गया स्टीम कोयला बरामद किया गया। टीम ने मौके से दो पुरानी मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर अवैध गतिविधियों में किया जा रहा था। सीआईएसएफ अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से राष्ट्रीय संपत्ति को होने वाली संभावित बड़ी क्षति को रोका गया है और क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला खनन एवं तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एमएमडीआर अधिनियम के प्रभावी प्रवर्तन और ‘जीरो कोल लीकेज’ नीति के तहत आगे भी खुफिया सूचना के आधार पर इस तरह के संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे। अवैध खनन, कोयला चोरी और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी से निरसा अनुमंडल क्षेत्र के कोयला चोरों में हडकंप मची है।