धनबाद
*जनगणना 2027 को लेकर एग्यारकुंड प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित*
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

एग्यारकुंड (बिजय सिंह)। भारत की जनगणना 2027 के तहत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को एग्यारकुंड प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मधु कुमारी की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मधु कुमारी ने कहा कि सभी एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) का संपूर्ण डाटा 6 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से एचएलओ ऐप में प्रविष्ट कर दिया जाए। साथ ही अपलोड किए गए डाटा की प्रगणक एवं पर्यवेक्षक स्तर पर गहन जांच कर त्रुटियों का समय रहते सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में शिक्षक प्रमोद कुमार झा ने कहा कि जनगणना से संबंधित डाटा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी आंकड़े सही एवं त्रुटिरहित हों तथा कोई भी भवन या मकान गणना से छूटने अथवा दोबारा गणना होने की स्थिति नहीं बने।उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जनगणना कोषांग के कर्मियों से संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि जनगणना का मुख्य उद्देश्य किसी क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों की सटीक गणना करना तथा उनके सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय आंकड़ों का संग्रह करना है। भारत में यह प्रक्रिया प्रत्येक दस वर्ष पर आयोजित की जाती है।बैठक में राजीव रंजन मिश्रा, कन्हैया सिंह, पुरुषोत्तम कुमार सिंह, समीर कुमार दास, सागर दरिपा, सूरज कुमार, ममता कुमारी, डॉ. कमलेश पांडेय, डॉ. श्याम कृष्ण सिंह, देव कुमार मिश्रा, अरविंद कुमार यादव, उज्ज्वल कुमार, रणधीर कुमार रजक, गोविंद प्रसाद महतो, कार्तिक गोराई सहित अन्य उपस्थित थे।