धनबाद
टुंडी में लगा ‘आपका लाइसेंस, आपके द्वार’ विशेष शिविर, 130 अभ्यर्थियों को मिला लर्निंग लाइसेंस
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

टुंडी: झारखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘आपका लाइसेंस, आपके द्वार’ अभियान के तहत शनिवार को टुंडी प्रखंड मुख्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ टुंडी बीडीओ विशाल कुमार पांडेय ने किया। शिविर में परिवहन विभाग की टीम ने पूर्व से ऑनलाइन पंजीकरण कर स्लॉट बुक कराने वाले अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेज एवं रंगीन छायाप्रति तथा पंजीकरण संख्या की जांच की। इसके बाद क्रमवार अभ्यर्थियों को बुलाकर फोटो लिया गया और यातायात नियमों से संबंधित दस प्रश्नों की परीक्षा ली गई। इनमें पांच प्रश्नों का सही उत्तर देने वाले अभ्यर्थियों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया गया। परिवहन विभाग की ओर से शिविर के लिए केवल 130 अभ्यर्थियों का स्लॉट बुक किया गया था। स्लॉट सीमित होने के कारण कई इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं हो पाने से परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग दिनभर स्लॉट मिलने का इंतजार करते रहे। शिविर का संचालन एवं पूरी प्रक्रिया की देखरेख टुंडी अंचलाधिकारी सुरेश कुमार बरनवाल की निगरानी में की गई। इस दौरान उन्होंने कुछ चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से अपने हाथों से लर्निंग लाइसेंस वितरित किया। शिविर के आयोजन से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कराने की सुविधा मिली, जिससे दूर-दराज के लोगों को परिवहन कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिली।