धनबाद
ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल का प्रशिक्षण संपन्न, 120 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण
झझारखंड उत्कर्ष संवाददाता•

एग्यारकुंड। प्रखंड एग्यारकुंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल (GPFT) का छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। 3 अगस्त से 8 अगस्त तक चले प्रशिक्षण में विभिन्न पंचायतों के कुल 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत के विकास कार्यों, उनकी जिम्मेदारियों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में ग्रामसभा आयोजित कर 16वें वित्त आयोग के तहत पंचायत में विकास योजनाओं का चयन एवं उसे निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने की प्रक्रिया बताई गई। साथ ही पंचायत के राजस्व में वृद्धि के लिए राजस्व सृजन से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यों के चयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।समापन कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मधु कुमारी ने कहा कि वर्तमान में बीएलओ एसआईआर संबंधी कार्यों में व्यस्त हैं, इसके बावजूद पंचायत के विकास कार्यों को गति देना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामसभा आयोजित कर 16वें वित्त आयोग के तहत योजनाओं का चयन करने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के तरीकों को गंभीरता से समझने की बात कही।प्रशिक्षण में बीसी राजीव रवानी, ट्रेनर धीरज कुमार एवं असलम हुसैन, मुखिया बबलू चौधरी, मल्लिका मेहर निगार, कालीपहाड़ी पूर्वी के अजय मुर्मू, पंचायत सचिव अमित कुमार, अजय कुमार, जयराज कुमार, सुनीता कुमारी, शाहिद सहित विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्य एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।